Potka: पिछले सप्ताह लगातार हुई बारिश के कारण नरदा पंचायत के लेडोकोचा गांव में कई परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पोटका विधायक संजीव सरदार मंगलवार को गांव पहुंचे और बारिश से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लेते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मौके पर विधायक ने पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला से फोन पर बात की। उन्होंने क्षतिग्रस्त घरों की जल्द जांच कराने तथा आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उनके सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे समय में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्य में किसी तरह की देरी नहीं करने को कहा।
इस दौरान विधायक ने पावरा टुडू, दासो टुडू, दुर्गा मुर्मू, राजामुनी टुडू, सिंगु टुडू, सुपाई टुडू, सांगें हेम्ब्रोम और पुलमाल सोरेन समेत अन्य प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है। प्रशासन के स्तर से मिलने वाली हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक के गांव पहुंचने और मौके से ही अंचल अधिकारी को फोन कर कार्रवाई के निर्देश देने से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा। प्रभावित परिवारों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर उन्होंने जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया।
















