,

Jamshedpur: शहर के प्रदूषण पर उठी आवाज, कानूनी लड़ाई के साथ जनआंदोलन की तैयारी, राजेंद्र सिंह ने दिया सहयोग का भरोसा

Jamshedpur: शहर में बढ़ते प्रदूषण, बिगड़ते पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार, 10 नवंबर को जमशेदपुर में आवाज बुलंद हुई। जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम के तत्वावधान में साकची स्थित होटल कैनेलाइट में “जमशेदपुर का पर्यावरण, जनस्वास्थ्य एवं नागरिक दायित्व” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात…

The Jharkhand Wire

Jamshedpur: शहर में बढ़ते प्रदूषण, बिगड़ते पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार, 10 नवंबर को जमशेदपुर में आवाज बुलंद हुई। जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम के तत्वावधान में साकची स्थित होटल कैनेलाइट में “जमशेदपुर का पर्यावरण, जनस्वास्थ्य एवं नागरिक दायित्व” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात पर्यावरणविद् और रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित ‘वॉटरमैन ऑफ इंडिया’ राजेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

The Jharkhand Wire

सेमिनार में शहर के बढ़ते वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, औद्योगिक अपशिष्ट और नदियों की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक विकास के नाम पर नागरिकों के स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और स्वस्थ वातावरण में जीने के अधिकार से समझौता नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने की। फोरम के संयोजक रियाज शरीफ ने स्वागत भाषण में कहा कि जमशेदपुर की औद्योगिक पहचान के साथ पर्यावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने बताया कि फोरम शहर की पर्यावरणीय समस्याओं से जुड़े तथ्य और दस्तावेज जुटा रहा है तथा संबंधित सरकारी विभागों और संस्थानों के समक्ष इन मुद्दों को उठा रहा है।

उन्होंने टाटा स्टील के पर्यावरणीय अनुपालन से जुड़े मामलों पर कानूनी पहल की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फोरम का उद्देश्य उद्योगों का विरोध करना नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। इसके लिए आने वाले दिनों में व्यापक जनजागरूकता अभियान और जनआंदोलन चलाने की तैयारी है।

प्रदूषण से जनस्वास्थ्य पर गंभीर असर

पर्यावरण एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता अरवीन अंजुम ने जमशेदपुर की पर्यावरणीय चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिक समाज और प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

वहीं, चिकित्सक डॉ. राशिद इकबाल ने कहा कि दूषित हवा और बढ़ता प्रदूषण सांस संबंधी बीमारियों, एलर्जी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। उन्होंने औद्योगिक शहर में प्रदूषण की नियमित और पारदर्शी निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया।

राजेंद्र सिंह बोले- प्रकृति की कीमत पर नहीं होना चाहिए विकास

मुख्य वक्ता राजेंद्र सिंह ने नदियों, जलस्रोतों, जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भविष्य की पीढ़ियों के अस्तित्व से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि विकास की कोई भी प्रक्रिया प्रकृति और मानव स्वास्थ्य की कीमत पर नहीं होनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम के साथ मिलकर इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया।

टाटा स्टील की पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन की जांच की मांग

अध्यक्षीय संबोधन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण के संवैधानिक और कानूनी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में जीवन जीना नागरिकों के मौलिक अधिकार और जनस्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों के लिए पर्यावरणीय स्वीकृतियों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शर्तों का पालन करना कानूनी जिम्मेदारी है।

उन्होंने टाटा स्टील लिमिटेड से संबंधित पर्यावरणीय स्वीकृतियों और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ज्ञापन संख्या 1671, दिनांक 1 अप्रैल 2008 का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसमें खरकई और स्वर्णरेखा नदियों में डाले गए स्लैग को हटाने, जुगसलाई मक्क डंप के पुनरुद्धार, भूमि के पुनः प्राप्तिकरण तथा स्वर्णरेखा नदी बेसिन के जल की गुणवत्ता को निर्धारित मानकों के अनुरूप क्लास-A स्तर तक लाने जैसी शर्तें शामिल थीं।

इसके अलावा उन्होंने ऑनलाइन परिवेशीय वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली स्थापित करने, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों के उपयोग, PM10 और PM2.5 के स्तर में कमी लाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तथा 33 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हरित पट्टी विकसित करने जैसी शर्तों का भी उल्लेख किया।

अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने इन शर्तों के वास्तविक अनुपालन की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कराने तथा संबंधित सरकारी एजेंसियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता सम्मानित

सेमिनार के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने वाले संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

इस क्रम में ग्रीन केयर फाउंडेशन को पर्यावरण संरक्षण, जी.एन.आर.एफ. (ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन) को वृक्षारोपण और हरित वातावरण निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

पर्यावरण कार्यकर्ता सुमित कर को सिलिकोसिस प्रभावित लोगों के लिए किए जा रहे कार्यों, जल विशेषज्ञ सैयद मंसूर अली को वेस्ट वाटर मैनेजमेंट एवं जल संरक्षण तथा जमशेदपुर के ‘पैडमैन’ तरुण कुमार को स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता के प्रयासों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा गौरव आनंद को प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग और वेस्ट प्लास्टिक से सड़क निर्माण के प्रस्ताव को लेकर किए जा रहे प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। वन अधिकार मंच के प्रतिनिधि बृहस्पति सिंह और किंकर महतो को भी वन अधिकारों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान के लिए सम्मान मिला।

सेमिनार के अंत में सभी ने जमशेदपुर के पर्यावरण, नदियों, जलस्रोतों और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए साझा मंच से अभियान चलाने का संकल्प लिया। फोरम ने स्पष्ट किया कि शहर का औद्योगिक विकास तभी सार्थक होगा, जब इसके साथ पर्यावरणीय संतुलन और आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

Easy WordPress Websites Builder: Versatile Demos for Blogs, News, eCommerce and More – One-Click Import, No Coding! 1000+ Ready-made Templates for Stunning Newspaper, Magazine, Blog, and Publishing Websites.

BlockSpare — News, Magazine and Blog Addons for (Gutenberg) Block Editor

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed