Jamshedpur: झारखंड की पहली हॉरर वेब सीरीज ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ की पहली कड़ी ‘द मिसिंग पीस’ रविवार शाम यूट्यूब पर रिलीज हो गई। सीरीज का प्रसारण ‘स्लाइस ऑफ अस’ के यूट्यूब चैनल के माध्यम से शुरू किया गया है। छह कड़ियों वाली इस सीरीज का ट्रेलर एक सप्ताह पहले द रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में जारी किया गया था।

‘स्लाइस ऑफ अस प्रोडक्शंस’ के बैनर तले जमशेदपुर की प्रोपिक्सल फोटोग्राफी के सहयोग से तैयार इस वेब सीरीज में रहस्य, डर और मनोवैज्ञानिक तनाव को कहानी का आधार बनाया गया है। सीरीज की पूरी कास्ट और क्रू जमशेदपुर, कोलकाता और पुणे से जुड़ी है।
पहली कड़ी के छायांकन की जिम्मेदारी प्रोपिक्सल फोटोग्राफी के संस्थापक शिव शंकर ठाकुर ने संभाली है। प्राकृतिक और उपलब्ध रोशनी के इस्तेमाल, गहरी परछाइयों, सीमित रंगों और क्लोज शॉट्स के जरिए कहानी के डर और तनाव को दृश्य रूप देने का प्रयास किया गया है। कहानी के महत्वपूर्ण हिस्सों में हैंडहेल्ड कैमरा तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है।
प्रोपिक्सल फोटोग्राफी की टीम और उपकरण भी इस प्रोडक्शन का हिस्सा रहे। जमशेदपुर में वेडिंग और कमर्शियल फोटोग्राफी के लिए काम करने वाले इस स्टूडियो ने पहली बार लंबी कथा-फिल्म निर्माण में तकनीकी सहयोग दिया है।
सीरीज की पटकथा, निर्देशन, संपादन और निर्माण की जिम्मेदारी प्रसनजीत महतो ने संभाली है। इसमें शुभाशीष घोष, कुणाल सन्निग्रही, अत्रि भट्टाचार्जी, पी. दामिनी, पी. यामिनी, रॉनी फिलिप्स और साईं सुजल ने अभिनय किया है।
तकनीकी टीम में ध्वनि परिकल्पना तुषार कंगारकर, मेकअप प्रीतम मन्ना, वीएफएक्स रोहित और डीआई दीपांशु ने संभाला है। डबिंग विशाल अधिकारी ने की, जबकि प्रोडक्शन प्रबंधन नावेद अंसारी, अमरजीत महतो और रंजीत मेहरा ने संभाला।
सीरीज की सभी छह कड़ियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दर्शकों तक पहुंचाने की योजना है। इसकी शेष पांच कड़ियां भी ‘स्लाइस ऑफ अस’ के यूट्यूब चैनल पर जारी की जाएंगी।
















