Jamshedpur: बामनगोड़ा पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नवयुवक सेवा समिति ने पहल शुरू की है। मंगलवार को समिति की ओर से आमसभा सह उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर कचरा उठाव प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। बताया गया कि पहले चरण में पंचायत क्षेत्र की डिजिटल माध्यम से रूट मैपिंग की जा रही है। रूट मैपिंग पूरी होने के बाद घर-घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि डिजिटल रूट मैपिंग के माध्यम से कचरा संग्रहण की व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे प्रत्येक क्षेत्र और घर तक कचरा उठाव की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आमसभा की अध्यक्षता नवयुवक सेवा समिति के अध्यक्ष प्रदीप गुहा ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों से निर्धारित व्यवस्था के तहत कचरा देने और पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में अभय चौबे, पूर्व जिला पार्षद राखी गुहा, प्रो. हरि प्रसाद शुक्ला, विभिन्न पंचायतों के मुखिया काली दास टुडू, नागी मुर्मू, बसंती गुप्ता, सुमी कराई, जोबा मार्डी, मनोज मुर्मू, धर्मदास मार्डी, पूर्व मुखिया उमेश पुराण, खत्री सिरका, उप मुखिया राहिल खाखा समेत जेएसएलपीएस के पदाधिकारी, वार्ड सदस्य, अधिवक्ता आलोक भास्कर, हराधन नाग, कमलेश श्रीवास्तव, दोसमा बेसरा, सोमरा बेसरा, सुप्रियो, विप्लव, अजय सिंह और विकास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
















