Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन लोगों को पहले घेरकर उनके साथ मारपीट की गई और फिर फायरिंग कर दी गई। घटना में तीनों लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान सोनारी निवासी के रूप में बताई जा रही है।

डोमिनिक सैमसन
घायलों में डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं। उन्हें JMM नेता के साथ जमीन कारोबारी के रूप में भी बताया जा रहा है। घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मॉल परिसर और आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
















