Jamshedpur: जमशेदपुर प्रखंड के सोपोडेरा फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को एसएफए सोपोडेरा की ओर से एक दिवसीय रात्रि फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। रात में आयोजित मुकाबलों को देखने के लिए मैदान में खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 70 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट प्लेयर, बेस्ट गोलकीपर और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
प्रतियोगिता का प्रत्येक मैच 15 मिनट का होगा। आयोजकों ने बताया कि रेफरी और आयोजन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने में एसएफए सोपोडेरा के सदस्यों और स्थानीय खेलप्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
















