Jamshedpur: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा एवं चित्रगुप्त पूजा को देखते हुए बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचायत क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है।

इसी क्रम में आज चित्रगुप्त पूजा को ध्यान में रखते हुए मजदूरों को लगाकर चित्रगुप्त पूजा मैदान की साफ-सफाई कराई गई। इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपना भरपूर सहयोग दिया।
इस स्वच्छता अभियान के तहत चित्रगुप्त पूजा मैदान, गणेश पूजा मैदान, शहीद मैदान, नेहरू मैदान, कुंवर सिंह मैदान, वायरलेस मैदान एवं त्रिपाठी जी छठ घाट सहित पंचायत क्षेत्र के सभी प्रमुख पूजा स्थलों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जाएगी।

पंचायत का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व से पूर्व सभी पूजा स्थलों एवं छठ घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना कर सकें।
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड, उप मुखिया संतोष ठाकुर, अनिल सिंह, अजीत सिन्हा, राजकुमार सिंह, वार्ड सदस्य उमेश पांडेय सहित शशि कुमार, मनोज श्रीवास्तव, उदय श्रीवास्तव, संजीव कुमार, मनोज सिन्हा, विनोद राम एवं अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।
पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस स्वच्छता अभियान में अपना सक्रिय सहयोग दें तथा पूजा स्थलों एवं छठ घाटों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बागबेड़ा का निर्माण संभव है।















