Jamshedpur: धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर प्रसाद चतुर्भुज फाउंडेशन की ओर से बुधवार को बागुनहातु में सैकड़ों जरूरतमंद एवं स्थानीय परिवारों के बीच दीपावली और धनतेरस पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान परिवारों को दीया, अगरबत्ती, रुई, माचिस, मोमबत्ती, घी और मिठाई प्रदान की गई।

फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना था कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी परिवार दीपावली मनाने से वंचित न रहे। फाउंडेशन के संस्थापक अनुभव सिन्हा ने कहा कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब हम अपनी खुशियों में दूसरों को भी शामिल करें।

कार्यक्रम में सैकड़ों परिवारों ने पूजन सामग्री प्राप्त की। स्थानीय लोगों ने फाउंडेशन की इस सामाजिक पहल की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में फाउंडेशन के सदस्यों एवं सहयोगियों की अहम भूमिका रही। इस दौरान शशि वीर राणा, मछिंदर निषाद, चंदन मिश्रा, लल्टू, राहुल अर्जुन राव, युवराज अनुभव, सुभाष परमानिक, राजू कालिंदी, गिरधारी, लालू साहू और सुरेंद्र मास्टर समेत कई लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अंत में फाउंडेशन की ओर से सभी सहयोगियों एवं बस्तीवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भविष्य में भी निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।















