Jamshedpur: मरीन ड्राइव सड़क पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और इस्तिका सिंह के रूप में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार चारों एक सफेद रंग की कार में सवार होकर मरीन ड्राइव की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे कार ने तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकलवाकर एमजीएम अस्पताल भेजा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे होता है।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
















