Jamshedpur: शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘आगाज़’ की ओर से लुहाबासा स्थित शिकारीडीह सरकारी स्कूल में जरूरतमंद बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों ने शहीद भगत सिंह के देश के प्रति योगदान और उनके विचारों को याद किया।
बच्चों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन और उनके विचार हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। देश के प्रति उनका समर्पण अद्वितीय था। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना ही शहीद भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने ‘आगाज़’ संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के महापुरुषों के बलिदान और विचारों से परिचित कराना भी है। पाठ्य सामग्री मिलने के बाद बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बीपीएम की प्रधानाध्यापिका रंजिता गांधी, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, चेयरमैन सह समाजसेवी दमनप्रीत सिंह, समाजसेविका चरणजीत कौर भाटिया और आरफीन अशरफ अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के जगप्रीत सिंह जे.डी., सतविंदर सिंह, गुरबचन सिंह राजू, परमिंदर सिंह गोल्डी, मंगल गोप, अजय महतो और धनापति महतो का सहयोग रहा। इस अवसर पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
















