Jamshedpur: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत की ओर से पंचायत क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 30 से अधिक मजदूरों को लगाकर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों एवं पूजा स्थलों की साफ-सफाई कराई गई।

इस अभियान के तहत कुंवर सिंह मैदान, नेहरू मैदान, शहीद मैदान, गणेश पूजा मैदान, बजरंगी मैदान, दुर्गा पूजा मैदान एवं रोड नंबर-1 स्थित त्रिपाठी जी छठ घाट परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। घाटों एवं पूजा स्थलों की साफ-सफाई कर उन्हें छठ महापर्व के लिए स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया।
इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि छठ महापर्व क्षेत्र के लोगों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना पंचायत की प्राथमिकता है। पंचायत का प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को पूजा-अर्चना के दौरान असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

इस स्वच्छता अभियान में पंचायत के मुखिया श्री राजकुमार गोड, उप मुखिया संतोष ठाकुर वार्ड सदस्य सीमा पांडे, पुष्पा देवी, अजीत सिन्हा, राजकुमार सिंह, राकेश सिंह, कुमार विशाल तथा समाजसेवी भोला झा, बृज तिवारी, अनिल सिंह, रमेश सिंह, अमन तिवारी सहित अनेक स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहयोग किया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयास से ही क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। पंचायत की ओर से भविष्य में भी जनहित और स्वच्छता से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे।















