Jamshedpur: गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुए बैंक लूटकांड की जांच और आगामी दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कोल्हान के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोट्टा की उपस्थिति में हुई इस बैठक में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, नगर एवं ग्रामीण एसपी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में गोलमुरी बैंक लूटकांड में अब तक की गई पुलिस कार्रवाई, अनुसंधान की प्रगति और मामले से जुड़े संभावित पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जांच के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आगे की कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया।
वहीं, आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात प्रबंधन सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरतने को कहा।
बैठक में पर्व के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने पर जोर दिया गया।
















